लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में 13 राज्यों और दो केन्द्रशासित प्रदेशों से लोकसभा के एक सौ 16 निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार को वोट डाले जाएंगे। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में रैलियों को संबोधित किया।
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने कल कर्नाटक में भद्रावती में रोड शो किया। उधर, कांग्रेस के सिद्धारमैया ने विभिन्न स्थानों पर रैलियों को संबोधित किया।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कल छत्तीसगढ़ और बिहार में चुनाव प्रचार किया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह गरीबी के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के वायनाड में प्रचार करते हुए रैलियों को संबोधित किया। इस सीट से राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में लोकसभा की सात सीटों के लिए प्रचार चरम पर है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पिछले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने छह और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की थी।
छत्तीसगढ़ की सात लोकसभा सीटों पर तीसरे और अंतिम चरण के तहत परसों 23 अप्रैल को मतदान होना है। तीसरे चरण में 123 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य दांव पर लगा हुआ है। इन सात सीटों में से दो सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए तो वहीं एक सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस बार लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में चुनावी प्रचार का वैसा माहौल नज़र नहीं आया जैसा पिछले चुनावों में देखा जाता था। झंडे, बैनर, पोस्टर, वॉलपेंटिंग की बजाय इस बार प्रत्याशियों और पार्टियों ने सोशल मीडिया के जरिये प्रचार पर ज्यादा जोर दिया है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
उत्तरप्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मुरादाबाद, संभल, रामपुर, फिरोज़ाबाद, मैनपुरी, एटा, बदांयू, आंवला, बरेली और पीलीभीत निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार को वोट डाले जाएंगे।
तीसरे चरण की 10 सीटें रुहेलखंड, तराई और मध्य यूपी के इलाके में फैली हुई हैं। 2014 में इन 10 में से मैनपुरी और बदायुं को छो़ड़कर सभी आठ सीटों पर भाजपा का कब्ज़ा था। मंगलवार को कई दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला होगा। जिनमें समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव जो मैनपुरी से लड़ रहे हैं। उनके भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव जोकि फिरोजाबाद सीट से प्रत्याशी हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार बरेली सीट से और वरुण गांधी जोकि पीलीभीत से भाजपा प्रत्याशी हैं। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, बरेली।
गुजरात में तीसरे चरण में लोकसभा की सभी 26 सीटों के साथ-साथ विधानसभा की चार सीटों पर भी उपचुनाव होगा।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपना पहला लोकसभा चुनाव गांधीनगर सीट से लड़ रहे हैं। भाजपा के अन्य उम्मीदवारों में भूतपूर्व केन्द्रीय मंत्री मंसुख वसावा बरूच से, मोहन कुंडारिया राजकोट से और गुजरात के मंत्री पर्बत पटेल बनासकांठा से चुनाव मैदान में हैं। जबकि, कांग्रेस के प्रमुख उम्मीदवारों में भूतपूर्व केन्द्रीय मंत्री भारत सिंह सोलंकी आणंद से और डाक्टर तुषार चौधरी बारडोली एस टी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने अपने आठ वर्तमान विधायकों को भी चुनाव मैदान में उतारा है। जिसमें उसके विधायक दल के नेता परेश धनानी अमरेली सीट से चुनाव मैदान में हैं। योगेश पांड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
इस बीच, चौथे चरण में सात राज्यों से 71 निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव प्रचार में तेजी आ रही है। इन क्षेत्रों में इस महीने की 29 तारीख को वोट डाले जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर कई नेता जनसभाओँ को संबोधित कर रहे हैं।
पांचवे चरण के चुनाव के लिए भरे गये पर्चों की कल जांच की गई। सात राज्यों से 51 निर्वाचन क्षेत्रों में इस चरण के अंतर्गत अगले महीने की 6 तारीख को मतदान कराया जाएगा। नाम वापस लेने का कल आखिरी दिन है। ()