A part of Indiaonline network empowering local businesses

इस वर्ष हज के लिए 380 से अधिक हज यात्रियों का पहला जत्था दिल्ली से रवाना होगा

News

केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री स्मृति ईरानी आज रात नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी के साथ हज यात्रा के पहले जत्थे को विदा करेंगी। इस जत्थे में तीन सौ 81 हजयात्री होंगे। इस अवसर पर दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली राज्य हज समिति के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। दिल्ली से विभिन्न जत्थों में 22 हजार से अधिक हजयात्री जाएंगे। इस वर्ष डिजिटल चयन प्रक्रिया से पूरे देश से एक लाख चालीस हजार लोगों का हज यात्रा के लिए चयनित किया गया है।

केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने कहा है कि चयनित किए गए कुल यात्रियों में से दस हजार लोगों की आयु 70 वर्ष से अधिक है। इस वर्ष हज यात्रा के लिए सरकार को एक लाख 84 हजार लोगों के आवेदन मिले थे। मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष भारत के लिए एक लाख 75 हजार से अधिक यात्रियों का कोटा आवंटित हुआ था। इस वर्ष सर्वाधिक चार हजार महिलाएं बिना किसी मेहरम-पुरूष के हज यात्रा करेंगी।

प्रतिवर्ष सउदी अरब पूरी दुनिया से हज यात्रा के लिए 25 लाख से तीस लाख लोगों को मक्का आमंत्रित करता है। भारत हजयात्रियों का दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा जत्था भेज रहा है। (AIR NEWS)

11 Days ago