A part of Indiaonline network empowering local businesses

बांग्लादेश में चक्रवाती तूफान मोका के चलते तटवर्ती क्षेत्रों से करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थान

news

बांग्लादेश में अति भीषण चक्रवाती तूफान मोका के तटवर्ती क्षेत्रों से पहुचने के बीच सरकार ने करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। चट्टोग्राम में तटवर्ती क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर से रूक-रूक कर वर्षा हो रही है। हमारे ढाका संवाददाता ने तूफान से संबंधित ताजा स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि आज सुबह बांग्लादेश मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी नवीनतम बुलेटिन में कहा गया है कि चक्रवात मोका का प्रभाव चट्टोग्राम और बरिसाल डिवीजनों के तटीय क्षेत्रों पर शुरू हो गया है।

हालांकि, चक्रवात ने लैंडफॉल नहीं किया है। तेज हवाओं के कारण सामान्य ज्वार से 8-12 फीट ऊंची लहरें उठने की संभावना है। कॉक्स बाजार और चटोग्राम के तटीय क्षेत्रों में निचले इलाकों में इसकी वजह से बाढ़ आने की संभावना है। लैंडफॉल की संभावना को देखते हुए कॉक्स बाजार प्रशासन ने 4 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित चक्रवात आश्रयों में पहुंचा दिया है।

इधर भारत में मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात के प्रभाव से त्रिपुरा और मिजोरम में कई जगहों पर आज कहीं भारी और कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है। नगालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम में भी कई स्‍थानों पर वर्षा की संभावना है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि बंगाल की खाड़ी और उत्‍तरी अंडमान सागर में समुद्र में न जाएं। पहले से समुद्र में गए मछुआरों से कहा गया है कि वे तट पर लौट आएं।  (AIR NEWS)

18 Days ago