A part of Indiaonline network empowering local businesses
Chaitra Navratri

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन

news

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का आज निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। उनका कोविड-19 तथा अन्य बीमारियों के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में कुछ दिनों से इलाज चल रहा था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

1934 में जन्में तरुण गोगोई ने 2001 से 2016 के बीच असम के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। वे सबसे लम्बे समय तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। मुख्यमंत्री बनने से पहले वे केंद्र सरकार में मंत्री भी रहे। उन्होंने लोकसभा में जोरहाट और कालियाबोर संसदीय क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया। वे कांग्रेस पार्टी के भी विभिन्न पदों पर रहे।

असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि श्री गोगोई का पार्थिव शरीर गुवाहाटी के संकरदेव कला क्षेत्र में रखा जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री सरबानंद सोनोवाल और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने तरुण गोगोई के निधन पर शोक व्यक्त किया। 

असम सरकार ने दिवंगत नेता तरुण गोगोई के सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पूर्व मुख्‍यमंत्री तरूण गोगोई ने आज शाम अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भी गये और उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक संदेश में श्री कोविंद ने कहा कि देश ने एक प्रखर राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव वाले वयोवृद्ध नेता को खो दिया है। श्री कोविंद ने कहा कि तरुण गोगोई का लम्बा कार्यकाल असम में क्रांतिकारी परिवर्तन का समय रहा।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने असम के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री तरुण गोगोई के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री नायडू ने कहा कि अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में तरुण गोगोई ने विभिन्न पदों पर राष्ट्र और राज्य के लोगों की निस्वार्थ सेवा की। श्री नायडू ने कहा कि जनसेवा में उनके योगदान को हमेशा सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि तरुण गोगोई एक लोकप्रिय नेता और कुशल प्रशासक थे, जिनका केंद्र तथा असम में लम्बा राजनीतिक अनुभव था।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी वयोवृद्ध नेता और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री शाह ने कहा कि ईश्वर उनके परिवार को दुख की इस घड़ी में सहनशक्ति दे। श्री शाह ने उनके परिजनों और समर्थकों को संवेदनाएं प्रेषित कीं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि तरुण गोगोई ने असम के सभी लोगों और समुदायों को एकजुट करने में अपना जीवन लगा दिया था। (AIR NEWS)

1242 Days ago