उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक भीषण हादसा हुआ है। जहां सिकंदरा थाना क्षेत्र में गुरुद्वारे के पास दुकानों के सामने फुटपाथ पर सो रहे सात लोगों पर एक तेज रफ्तार कंटेनर चढ़ गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। जिसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सिनर्जी प्लस और गुरुद्वारे के पास हाईवे किनारे बनी दुकानों के सामने 9 लोग सो रहे थे। इसी दौरान एक कंटेनर बेकाबू होकर उनके ऊपर चढ़ गया। हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हैं। घायलों में से एक आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 16 और दूसरा शाहगंज का रहने वाला है। पुलिस उनके बारे में पता कर रही है। हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर चालक और क्लीनर को हिरासत में लिया।
वहीं पुलिस का कहना है कि दो लोग रेलवे लाइन पर कूड़ा बीनने वाले थे। तीन लोग पास की किसी जूता फैक्ट्री में नौकरी किया करते थे और फुटपाथ पर सो जाते थे। पुलिस ने बताया कि ट्रक आगरा से मथुरा की तरफ जा रहा था। चालक को नींद आ गई थी। इसी से ट्रक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गया। दो घायलों ने ही अपने बारे में पुलिस को थोड़ा बहुत कुछ बताया है।
The post आगरा में हाईवे किनारे सो रहे कामगारों को ट्रक ने कुचला, पांच की मौत appeared first on Spasht Awaz.
(SPASHT AWAZ)