चेन्नै। भारत के महात्वाकांक्षी चंद्रयान-2 मिशन के विक्रम लैंडर की लोकेशन का पता करने के चेन्नै के इंजीनियर शानमुगा सुब्रमण्यन के दावे पर इसरो ने प्रतिक्रिया दी है। एजेंसी के चीफ के. सिवन ने कहा है कि इसरो ने पहले ही विक्रम की लोकेशन ढूंढ ली थी और इसकी जानकारी एजेंसी की वेबसाइट पर दी गई थी।
गौरतलब है कि शानमुगा ने अमेरिकी स्पेस रिसर्च एजेंसी (नासा) की चांद के साउथ पोल की तस्वीरों में विक्रम के मलबे का पता लगाया था, जिस पर उनकी खुद नासा ने तारीफ की थी।
पहले ही खोज चुके: सिवन
शानमुगा की खोज पर इसरो चीफ ने कहा है, ‘हमारे ही ऑर्बिटर ने विक्रम लैंडर को लोकेट किया था, हमने पहले इसका ऐलान अपनी वेबसाइट पर कर दिया था। आप जाकर देख सकते हैं।’
बता दें कि 22 जुलाई को लॉन्च किए गए चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम को 7 सितंबर को चांद की सतह पर उतरना था लेकिन क्रैश लैंडिंग की वजह से इसका इसरो से संपर्क टूट गया था। इसके बाद से नासा और इसरो इसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी थीं।
इसरो ने किया था ट्वीट, वेबसाइट पर भी अपडेट
इसरो ने 10 सितंबर को अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी थी और ट्वीट भी किया था कि विक्रम की लोकेशन का पता लगा लिया गया है लेकिन उससे संपर्क नहीं किया जा सका है। इसरो ने बताया था, ‘विक्रम लैंडर को चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने लोकट कर लिया है लेकिन कोई संपर्क नहीं किया जा सका है। लैंडर से संपर्क करने की सभी संभव कोशिशें की जा रही हैं।’
नासा को किया था शानमुगा ने ईमेल
गौरतलब है कि शानुमगा ने विक्रम लैंडर के मलबे के बारे में पता लगाने के लिए नासा के लूनर रेकॉन्सेन्स ऑर्बिटर (एलआरओ) द्वारा ली गई तस्वीरों पर काम किया। शान ने अपनी इस खोज के बाद नासा को बताया जिसने कुछ समय में इसकी पुष्टि भी कर दी। नासा ने ही इस खोज की दुनियाभर को जानकारी दी।
इसके साथ ही नासा ने इंपैक्ट साइट की एक तस्वीर भी जारी की है, जिसमें लैंडर विक्रम के मलबे और लैंडिंग की जगह को दर्शाया गया है।
The post इसरो ने कहा, विक्रम लैंडर की लोकेशन हमने पहले ही ढूंढ ली थी appeared first on Legend News.
(LEGEND NEWS)