पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती आज मनाई जा रही है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज भारतीय जनता पार्टी के विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। श्री धनखड़ ने एक ट्वीट में कहा कि दीनदयाल उपाध्याय एक महान राष्ट्रवादी, मानवतावादी और दूरदर्शी थे। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर भारत की आत्मा को समझना है तो उसे राजनीतिक या आर्थिक नजरिए से नहीं बल्कि सांस्कृतिक नजरिए से देखना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। एक संदेश में उन्होंने कहा है कि अंत्योदय और गरीबों की सेवा का पंडित दीनदयाल का दर्शन हमें निरंतर प्रेरित करता रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की ख्याति एक असाधारण चिंतक और प्रखर विद्वान के रूप में रही है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि पंडित दीनदयाल ने वंचितों के लिए जो स्वप्न देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार कर दिया है। आज नई दिल्ली में श्री ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि श्री मोदी ने सत्ता में आने के पहले ही दिन कहा था कि उनकी सरकार पिछडों और गरीबों के लिए काम करेगी। श्री ठाकुर ने यह भी कहा कि पिछले आठ वर्ष में गरीबों के उत्थान के लिए अनेक उपाय किए गए हैं। इनमें घरेलू रसोई गैस का वितरण, बैंक खाते खोलना और घर-घर पानी और बिजली पहुंचाना शामिल है। श्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों की सेवा के लिए ही सत्ता में आई है। (AIR NEWS)