महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिये वोट कल डाले जाएंगे। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 और हरियाणा में 90 सीटों के लिये मतदान होगा। इसके अलावा लोकसभा के दो निर्वाचन क्षेत्रों और 17 राज्यों से विधानसभा की 51 सीटों के उपचुनाव के लिये भी कल वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती बृहस्पतिवार को होगी। दोनों राज्यों में चुनाव प्रचार कल शाम समाप्त हो गया। महाराष्ट्र में कई भागों में वर्षा के बावजूद उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार जारी रखा। राज्य में भाजपा-शिवसेना गठबंधन, कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गठबंधन के बीच प्रमुख मुकाबला है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, बहुजन समाज पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। (AIR)