महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। दोनों राज्यों में 21 अक्तूबर को मतदान होगा। मतगणना 24 अक्तूबर को होगी। आज नई दिल्ली में चुनाव तारीखों की घोषणा करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि दोनों राज्यों में तत्काल प्रभाव से चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। इन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया 27 अक्तूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
नोटिफिकेशन जो है वो 27.09 को जारी होगी। नोमिनेशन जो है उसका आखिरी अंतिम तिथि है वो 4 अक्तूबर है। स्क्रूटनी करते हैं यानी कि उनका एनालाईसिस करते हैं अंडर दा लॉ, वो 5 अक्तूबर को है। अगर किसी कैंडिडेट को विड्रो करना हो तो लास्ट डेट 7-10 है। वोटिंग है वो 21 अक्तूबर को है, जो काउंटिंग में वोट्स है वो 24 को है दोनो स्टेट्स में।
सुनील अरोड़ा ने राजनीतिक दलों से अपने प्रचार अभियान के दौरान प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने को कहा।महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों पर मतदान होगा। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवम्बर को समाप्त हो रहा है।
2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा शिवसेना ने अलग-अलग चुनाव लड़े थे। चुनाव के बाद भाजपा और शिवसेना ने बहुमत की सरकार बनाई जिसमें भाजपा के देवेन्द्र फड़नवीस मुख्यमंत्री बने। इस साल यह स्पष्ट नहीं है कि भाजपा और शिवसेना महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए हाथ मिलाएगें या नहीं। इसी बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने 16 सितंबर को घोषणा की थी कि उनकी पार्टी और कांग्रेस महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में क्रमश: 125 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बची सीटें अन्य सहयोगी पक्षों को दी जाएं। निवेदिता भोलकर आकाशवाणी समाचार मुंबई।
हरियाणा की 90 सीटों पर मतदान होगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल दो नवम्बर को समाप्त हो रहा है।
भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस समेत हरियाणा के सभी दलों ने चुनाव की घोषणा का स्वागत किया है। भारतीय जनता पार्टी जिसने लोकसभा चुनाव में दस की दस सीटें जीती थीं ने इस चुनाव में 75 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। विधानसभा चुनाव में पिछली बार बीजेपी ने 45 सीटें जीती थीं। हरियाणा की विधानसभा में 90 सीटे हैं। कांग्रेस अकेले चुनाव मैदान में है। अब जबकि इंडियन नेश्नल लोकदल के बहुत से विधायक और नेता पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी और अन्य दलों में चले गए हैं। तो कांग्रेस अभी भी आंतरिक कलह से जूझ रही है। अश्विनी कुमार शर्मा आकाशवाणी समाचार चंड़ीगढ़।
निर्वाचन आयोग ने 18 राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार में समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव की घोषणा की है। मतदान 21 अक्तूबर को होगा और मतगणना 24 अक्तूबर को होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा है कि अधिसूचना इस महीने की 23 तारीख को जारी की जाएगी। जिन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं उनमें कर्नाटक की 15 और उत्तर प्रदेश की 11 सीटें शामिल हैं।
समस्तीपुर लोकसभा सीट का उपचुनाव लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद रामचंद्र पासवान की जुलाई में मृत्यु हो जाने के कारण कराया जा रहा है। (AIR)